नई टिहरी में बंदरों-कुत्तों का बढ़ता खौफ, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए सभासद विजय कठैत ने उठाई आवाज
बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, समस्या के शीघ्र समाधान की उठाई मांग

नई टिहरी। शहर में लगातार बढ़ रहे बंदरों और आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई है। बंदरों और कुत्तों के हमलों से बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ता जा रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद टिहरी के सभासद विजय कठैत ने नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत से मुलाकात की।
इस दौरान सभासद विजय कठैत ने पालिका अध्यक्ष को पत्र सौंपते हुए शहर में बंदरों और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आए दिन बंदरों और कुत्तों द्वारा बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों पर हमले किए जा रहे हैं, जिससे शहरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या का संज्ञान लिया जाए और बंदरों एवं आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए यथाशीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।
सभासद विजय कठैत ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन जनहित से जुड़ी इस समस्या का जल्द समाधान करेगा, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सकेगी।



