Tehri Garhwal

थत्यूड़ में हादसा : 40 मीटर गहरी खाई में गिरी स्विफ्ट डिजायर, पुलिस ने रेस्क्यू कर दो लोगों की बचाई जान

बारिश और अंधेरे के बीच पुलिस टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान, दोनों घायलों की हालत सामान्य

टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के थत्यूड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुग्गड़ा से करीब एक किलोमीटर आगे भुयासारी-किन्सू रोड पर एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 40 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें थत्यूड़ पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे कार संख्या UK07TA-8402 मसूरी से अपने गांव ठीक की ओर जा रही थी। इसी दौरान दुग्गड़ा के आगे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। कार में मुकेश सिंह (27 वर्ष) पुत्र जय सिंह तथा सुनील राणा (34 वर्ष) पुत्र रतन सिंह राणा, निवासी ग्राम ठीक, थाना थत्यूड़ सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बारिश और विषम परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए वाहन में फंसे दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, दोनों की स्थिति सामान्य है।

रेस्क्यू अभियान में शामिल रही पुलिस टीम

रेस्क्यू अभियान में थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह (158), हेड कांस्टेबल मुकेश सिलोडी (77), कांस्टेबल विपिन चौहान (173) और कांस्टेबल आयुष नेगी (32) शामिल रहे।

टिहरी पुलिस ने की वाहन चालकों से अपील

टिहरी पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि रात्रि के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और मौसम व सड़क की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही सफर करें। सुरक्षित वाहन संचालन से ही दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button