अब नौकरी नहीं, अपने हुनर से पहचान बनाएगा टिहरी का युवा! दिनेश धनाई ने युवाओं से किया सीधा संवाद।
चंबा में पूर्व काबीना मंत्री ने युवाओं से किया सीधा संवाद, टिहरी के विकास को लेकर मांगे सुझाव

नई टिहरी। पूर्व काबीना मंत्री दिनेश धनाई ने रविवार को चंबा स्थित एक निजी होटल में युवाओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपने विजन के साथ आगे बढ़ने तथा पलायन को हतोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है कि वे अपनी प्रतिभा, हुनर और सोच का सही इस्तेमाल करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।
युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को संबोधित करते हुए धनाई ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि टिहरी के भविष्य, युवाओं की आकांक्षाओं और क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। किसी भी समाज और राष्ट्र की असली ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ऊर्जा हैं। उनके विचार, मेहनत, प्रतिभा और संकल्प से किसी भी क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य टिहरी विधानसभा के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने की मजबूरी से मुक्त करना है। युवा अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाशें तथा नौकरी के पीछे भागने के बजाय पर्यटन, खेल, संस्कृति और अन्य चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
धनाई ने कहा कि टिहरी में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करना, युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और टिहरी झील, होमस्टे तथा पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से खुलकर अपनी बात रखने, क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े सुझाव साझा करने का आह्वान किया। कहा कि युवा केवल अपनी समस्याएं ही न बताएं, बल्कि टिहरी के विकास को लेकर अपना विजन भी सामने रखें। युवाओं से प्राप्त सुझावों को विकास की कार्ययोजना का आधार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं के सुझावों पर गंभीरता से कार्य करने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी युवाओं से मिलकर ऐसे टिहरी के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जहां शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों तथा प्रत्येक युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिले।
इस अवसर पर एसआरटी परिसर के छात्रसंघ अध्यक्ष राजन भंडारी, नतिन कुमार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव गुसाईं, छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीण भंडारी, पूर्व महासचिव अमन सजवाण, अंकुश कोलही, राजकीय महाविद्यालय नई टिहरी के पूर्व महासचिव जीशान, आकाश भंडारी, रोबिन राणा, अंकित बहुगुणा, धनवीर पुरसोड़ा, भूपेंद्र तड़ियाल, भानु प्रताप सिंह पुंडीर, विकास पंवार, नवनीत रावत, अमित रतूड़ी, परमजीत राणा, विजय नेगी सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।



