टिहरी : सड़क हादसों पर डीएम सख्त, ब्लैक स्पॉट और अंधे मोड़ों पर सुरक्षा उपाय तेज करने के निर्देश
टिहरी : सड़क हादसों पर डीएम सख्त, ब्लैक स्पॉट और अंधे मोड़ों पर सुरक्षा उपाय तेज करने के निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा, सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा जनवरी से सितंबर 2026 तक जनपद में घटित सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों के प्रकार, थानावार स्थिति एवं दुर्घटनाओं के समय संबंधी आंकड़ों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि परिवहन विभाग द्वारा इस वर्ष सितंबर माह तक कुल 5,155 चालान किए गए हैं, जबकि पुलिस विभाग द्वारा 46,432 चालान की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक सेवायानों से संबंधित दुर्घटनाओं में प्रभावित व्यक्तियों को देय आर्थिक सहायता का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। वहीं, जनपद में हिट एंड रन के प्रकरण शून्य रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सितंबर माह में हुई चार सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके कारणों की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि इनमें से दो दुर्घटनाएं रैश ड्राइविंग के कारण हुई थीं। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए प्रभावी रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों द्वारा अवगत कराया गया कि बीआरओ द्वारा अंधे मोड़ों पर साइनेज लगाए गए हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग द्वारा झाड़ी कटान के साथ ही विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं। बैठक में इन कार्यों के जियोटैग फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने ब्रह्मानंद मोड़ पर स्लोप ट्रीटमेंट का कार्य प्राथमिकता से कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कुंभ एवं पर्यटन मार्गों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। एआरटीओ राजेंद्र विराटिया ने बताया कि तीन मार्गों का आरटीओ द्वारा अनुमोदन किया जा चुका है, जबकि 27 मार्गों के अनुमोदन की कार्रवाई प्रगतिमान है। उन्होंने बताया कि मार्गों के अनुमोदन से पूर्व संयुक्त सर्वेक्षण एवं वाहन के माध्यम से ट्रायल किया जाता है। इसके बाद सड़क के कर्व एवं चौड़ाई का मापन कर निर्धारित मानकों के अनुरूप मार्ग का अनुमोदन किया जाता है।
बैठक में मोटर यूनियन के प्रतिनिधि द्वारा ट्रिप कार्ड एवं हिल ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सुझाव भी रखे गए। जिलाधिकारी ने सुझावों पर सहमति व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग के. एस. नेगी, सहायक अभियंता नवीन कौशिक, सहायक अभियंता एनएच श्रीनगर मनोज अग्रवाल, बीआरओ से के.सी. नौटियाल एवं एस. एस. रावत, जेई सतवीर सिंह, राजेंद्र सिंह नेगी सहित संबंधित उपस्थित रहे।



