Tehri Garhwal

टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 तस्कर गिरफ्तार; शराब की 56 पेटियां और 80 पाउच बरामद

टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 तस्कर गिरफ्तार; शराब की 56 पेटियां और 80 पाउच बरामद

टिहरी । जनपद में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए टिहरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पिछले 24 घंटों में चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 46 पेटियां, प्रीमियम स्ट्रांग बीयर की 10 पेटियां और अवैध देशी शराब के 80 टेट्रा पाउच बरामद किए हैं। इसके साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप और एक ऑल्टो कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत घनसाली, देवप्रयाग, चंबा और मुनि की रेती थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।

चार थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई

1. घनसाली: पिकअप से शराब और बीयर की 48 पेटियां बरामद

थाना घनसाली की पुलिस चौकी चमियाला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या UK07CD-8756 से सोलमेट ब्लू अंग्रेजी शराब के 32 पेटी क्वार्टर, 6 पेटी हाफ और प्रीमियम स्ट्रांग बीयर की 10 पेटियां बरामद कीं। मौके से वाहन चालक रविंद्र बिष्ट (39 वर्ष), पुत्र बलबीर सिंह बिष्ट, निवासी कस्बा डुंडा, जनपद उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

2. देवप्रयाग: ऑल्टो कार से चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद

थाना देवप्रयाग की चौकी बछेलीखाल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार संख्या UK07BE-6057 से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 6 पेटियां, जिनमें 288 पव्वे थे, बरामद कीं। इस मामले में जोत सिंह बिष्ट (58 वर्ष), पुत्र रंजीत सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम गुराई, थाना हिंडोलाखाल, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

3. चंबा: दो पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली चंबा पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुरेश (लगभग 45 वर्ष), पुत्र देवदास, निवासी ग्राम सेमल्टा, चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल को दो पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

4. मुनि की रेती: 80 पाउच अवैध देशी शराब बरामद

थाना मुनि की रेती पुलिस ने ढालवाला क्षेत्र के शांतिनगर में कार्रवाई करते हुए सकुंती देवी (40 वर्ष), पत्नी किशन साहनी, निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश, जनपद देहरादून को 80 टेट्रा पाउच माल्टा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अवैध शराब के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई

टिहरी पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button