नई टिहरी से ऋषिकेश जा रही कार खाई में गिरी, पुलिस और राहत टीम ने दंपति को निकाला
नई टिहरी से ऋषिकेश जा रही कार खाई में गिरी, पुलिस और राहत टीम ने दंपति को निकाला

टिहरी। नई टिहरी रोड पर टीसीआर होटल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार दंपति को चंबा पुलिस ने फायर सर्विस और पीएसी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में दोनों को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली चंबा पुलिस को सूचना मिली कि टीसीआर होटल के पास एक कार खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा पुलिस बल और आपदा राहत उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद फायर सर्विस टिहरी और पीएसी के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
बैरिकेडिंग से टकराकर खाई में गिरी कार
दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार संख्या UK 14 J 0190 नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गया और करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। कार नीचे एक पेड़ पर अटक गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।
कार में सवार दंपति को सुरक्षित निकाला
कार में मधु पैन्यूली (लगभग 55 वर्ष) और उनके पति हरिश्चंद्र पैन्यूली निवासी विनोद विहार कॉलोनी, खत्री रोड, श्यामपुर, ऋषिकेश, जनपद देहरादून सवार थे। पुलिस और राहत टीमों ने समन्वय के साथ दोनों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में दोनों को हल्की चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
रेस्क्यू अभियान में ये टीमें रहीं शामिल
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद, कांस्टेबल विजयपाल, पीएसी पुलिस बल और फायर सर्विस टिहरी की टीम शामिल रही।



