Tehri Garhwalखेल

गांधी स्टेडियम बौराड़ी में शुरू हुई क्रिकेट प्रतियोगिता, ‘फिट टिहरी मूवमेंट’ और ‘स्वच्छ टिहरी, स्वच्छ हिमालय’ का दिया संदेश

गांधी स्टेडियम बौराड़ी में शुरू हुई क्रिकेट प्रतियोगिता, ‘फिट टिहरी मूवमेंट’ और ‘स्वच्छ टिहरी, स्वच्छ हिमालय’ का दिया संदेश

नई टिहरी, 26 अक्टूबर। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित गांधी स्टेडियम में सोमवार को मोनाल कप के द्वितीय संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि और सभासद मानवेंद्र रावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

फ्रेंड्स ऑफ आवर देवभूमि (FOOD) की ओर से डिपार्टमेंट क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी ऑफ उत्तराखंड (DCDCU) के बैनर तले आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों एवं कर्मचारी समूहों की छह टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें FOOD United, Irrigation River Kings, Technical Education, PWD Warriors, Master’s Class Tehri और RD Tigers शामिल हैं। प्रतियोगिता में सभी टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ ही जीत के लिए जोर आजमाइश करेंगी।

विभागीय कर्मचारियों में आपसी समन्वय बढ़ाना उद्देश्य

इस अवसर पर FOOD के अध्यक्ष प्रशान्त बिष्ट ने कहा कि मोनाल कप के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उन्होंने बताया कि मोनाल कप का यह संस्करण ‘फिट टिहरी मूवमेंट’ पर केंद्रित है। इसके माध्यम से सरकारी कर्मचारियों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतियोगिता के जरिए ‘स्वच्छ टिहरी, स्वच्छ हिमालय’ का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

आयोजकों के अनुसार, मोनाल कप केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण, विभागीय समन्वय और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल भी है। इस आयोजन से जनपद में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही कर्मचारियों को कार्यक्षेत्र से इतर आपसी मेलजोल बढ़ाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।

मोनाल कप-2 के माध्यम से आयोजकों ने खेल, स्वास्थ्य, आपसी एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह नजर आया।

आयोजन में ये रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में FOOD के सदस्य संजय राणा, धीरेंद्र पेटवाल, विजय बिष्ट, देवेंद्र नेगी, विपिन उनियाल और शिव बधानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन विक्रम सिंह कठैत ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान मैच का आंखों देखा हाल भी प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button