नई टिहरी की सड़कों का बदला स्वरूप, 9 करोड़ की लागत से हॉटमिक्स डामरीकरण ने दी बड़ी राहत
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत की पहल से शहर की आंतरिक सड़कों का हो रहा कायाकल्प, वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी निजात

नई टिहरी। लंबे समय से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों की समस्या झेल रहे नई टिहरी शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिका परिषद नई टिहरी द्वारा पहली बार शहर की आंतरिक सड़कों पर करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स डामरीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्य से शहर की तस्वीर बदलती नजर आने लगी है और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने लगी है।
नगर पालिका बोर्ड ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए बोर्ड बैठक में शहर की आंतरिक सड़कों के हॉटमिक्स डामरीकरण का प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कार्य शुरू कराया गया, जो अब तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बीते कई वर्षों से खराब सड़कों के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में गड्ढों और जलभराव के कारण हालात और भी बदतर हो जाते थे। अब हॉटमिक्स तकनीक से सड़कों का नवीनीकरण होने के बाद सड़कें अधिक मजबूत, सुरक्षित और सुगम बन रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य से शहर की दशा बदल रही है। बेहतर सड़कें बनने से आवागमन आसान होगा, वाहनों की आवाजाही सुचारु होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा की नई टिहरी के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षों से शहर की आंतरिक सड़कों के हॉटमिक्स डामरीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे नगर पालिका बोर्ड ने गंभीरता से लेते हुए पूरा करने का निर्णय लिया। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य कराया जा रहा है। हमारा लक्ष्य नई टिहरी को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित करना है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
नगरवासियों का मानना है कि नगर पालिका बोर्ड की इस पहल से शहर के विकास को नई दिशा मिली है। सड़कों का यह व्यापक सुधार नई टिहरी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और इसके पूरा होने के बाद हजारों लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।



