टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.020 किलो चरस के साथ हिमाचल प्रदेश का युवक गिरफ्तार, ढाई लाख रुपये बताई जा रही कीमत
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त

टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.020 किलोग्राम अवैध चरस के साथ हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने चरस परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 की रात्रि को थाना मुनि की रेती पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम द्वारा तपोवन बैरियर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान स्कूटी संख्या UK14TB0588 पर सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.020 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से अभिषेक पुत्र पुरुषोत्तम लाल, निवासी ग्राम बुड्ढी, थाना एवं जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त चरस हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी गुलशन नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना मुनि की रेती में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही चरस परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
थाना मुनि की रेती पुलिस टीम:
उप निरीक्षक प्रवीन रावत
हेड कांस्टेबल विजय प्रताप
कांस्टेबल पंकज तोमर
ANTF टीम:
उप निरीक्षक आशीष शर्मा
कांस्टेबल रविंद्र
कांस्टेबल नज़ाकत
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



