Tehri Garhwalराजनीति

त्योहारी शुभकामनाओं के बहाने सियासी संदेश! टिहरी में सुशील बहुगुणा के पोस्टरों ने खींचा ध्यान

शहर से गांव तक लगे शुभकामना पोस्टरों ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज

नई टिहरी। टिहरी विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। भाजपा के भीतर संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं के बीच अब सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा का नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में सामने आने लगा है।

दरअसल, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और नववर्ष 2027 की शुभकामनाओं के संदेश के साथ टिहरी विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में लगाए गए सुशील बहुगुणा के पोस्टर इन दिनों राजनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के चित्रों के साथ सुशील बहुगुणा की तस्वीर भी प्रमुखता से प्रदर्शित की गई है। क्षेत्रभर में लगे इन पोस्टरों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से काफी पहले क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और जनता के बीच पहचान मजबूत करने की दिशा में यह एक प्रयास हो सकता है। हालांकि, भाजपा संगठन की ओर से अभी तक वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी संभावित प्रत्याशी के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है।

‘शराब नहीं, संस्कार दो’ अभियान से मिली पहचान

सुशील बहुगुणा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनकी पहचान विशेष रूप से ‘शराब नहीं, संस्कार दो’ अभियान के प्रणेता के रूप में रही है। इसके माध्यम से वह नशामुक्त गांव, नशामुक्त विवाह, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जनजागरूकता जैसे विषयों पर विभिन्न अभियान संचालित कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्होंने पार्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के समक्ष टिहरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अपनी संभावित दावेदारी भी रखी थी। वहीं, न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ संवाद और सम्मान कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रही।

दावेदारों की बढ़ती फेहरिस्त से दिलचस्प होगा मुकाबला

टिहरी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर संभावित दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। ऐसे में सुशील बहुगुणा का नाम भी इस चर्चा में जुड़ने से राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प होते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा संगठन किसके नाम पर भरोसा जताता है और किसे टिहरी विधानसभा से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button