टिहरी के दिव्यांग खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, कई पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान, दें बधाई
टिहरी के दिव्यांग खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, कई पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान, दें बधाई

टिहरी। हरियाणा के रोहतक में स्पेशल ओलंपिक भारत के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड के कीर्तिनगर क्षेत्र के दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच विकासखंड कीर्तिनगर के दो होनहार खिलाड़ी राहुल रतूड़ी और राजेंद्र सिंह ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय देते हुए कई पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में राजेंद्र सिंह ने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि 4×100 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी गति और समन्वय का बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं राहुल रतूड़ी ने गोला फेंक में रजत पदक, 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक तथा 4×100 मीटर रिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से कीर्तिनगर सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर है। प्रशिक्षक एवं कोच सतीश बलूनी और जगदीश चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम ऊंचा करेंगे।
मीडिया प्रभारी कमलनयन रतूड़ी के अनुसार यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 7 फरवरी को संपन्न हुई। खिलाड़ियों की इस सफलता से अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और क्षेत्र में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल मजबूत होगा।
इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक मनोज नेगी, सूर्यप्रकाश जोशी, महेश पालीवाल, रघुराज जोशी, यशपाल रावत, उपेंद्र मैठाणी और दिनेश बिष्ट समेत कई लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



