Tehri Garhwal

भाजपा टिहरी की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

भाजपा टिहरी की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

नई टिहरी। भारतीय जनता पार्टी टिहरी गढ़वाल की जिला मासिक बैठक जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य वक्ता जिला सहप्रभारी रविन्द्र राणा, जिलाध्यक्ष उदय रावत, प्रदेश मंत्री एवं ‘मन की बात’ के प्रदेश संयोजक नलिन भट्ट, राज्य मंत्री दायित्वधारी विनोद सुयाल एवं खेम सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् तथा पितृ पुरुषों एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जिले के 100 प्रतिशत बूथों पर सफलतापूर्वक आयोजित कराने वाले 25 मंडलों में से 12 मंडल अध्यक्षों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

संगठन की मजबूती ही भाजपा की प्राथमिकता : उदय रावत

जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें।

उदय रावत ने कहा कि राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवा पीढ़ी और आमजन को देश के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘हर घर तिरंगा’ और तिरंगा यात्रा को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 9 अगस्त से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही संत रविदास जी की 650वीं जयंती मंडल स्तर पर मनाने तथा भारत विभाजन विभीषिका दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक के समापन पर राष्ट्रगान के बाद भाजपा जिला कार्यालय से हनुमान चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल, प्रतापनगर ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभनी धनोला, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष परमवीर पंवार, जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौटियाल, प्रेम सेमवाल, बसुमति घणाता, वीरेंद्र राणा, जिला मंत्री सोहन चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, जिला कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button