Tehri Garhwalराजनीति

टिहरी में महिला कांग्रेस का भव्य सम्मान समारोह, तीन साल पूरे होने पर जिला अध्यक्ष आशा रावत का सम्मान

टिहरी में महिला कांग्रेस का भव्य सम्मान समारोह, तीन साल पूरे होने पर जिला अध्यक्ष आशा रावत का सम्मान

नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल में महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन की जिला अध्यक्ष आशा रावत और उनकी टीम के सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकासखंडों से आई महिला पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उन्हें नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर संगठन को मजबूत बनाने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला अध्यक्ष आशा रावत ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सरकार के प्रयासों के चलते देशभर की महिलाओं को विधानसभा, विधान परिषद, राज्यसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलने जा रहा है, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाला और पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा ने महिला कांग्रेस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं आगे आकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री ममता उनियाल और शगुफ्ता परवीन ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रदेश महासचिव मुन्नी बिष्ट और नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष सीमा क्रिशाली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं को सम्मान और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता बदलाव का समर्थन करेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुशर्रफ अली, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौडियाल, नगर पालिका सभासद नवीन सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा ममता उनियाल, शगुफ्ता परवीन, मीना शाह, लक्ष्मी रावत, प्यारी देवी, हंसा रमोला, अनीता देवी, सपना रावत, गीता शर्मा, संतोष भारद्वाज आर्य, प्रीतम सिंह, सलोनी और ज्ञान सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button